सर्वाइकल का योगिक उपचार

 सर्वाइकल स्पॉडिलोसिस या ऑस्टियोआर्थराइटिस के कारण होने वाले दर्द को सर्वाइकल पेन कहते हैं। सर्वाइकल पेन होने पर स‍िर दर्द, गर्दन में दर्द, कंधे में दर्द और चक्‍कर आने जैसे लक्षण नजर आते हैं। जो लोग पूरे द‍िन एक ही पोज‍िशन में बैठे रहते हैं, उनके ल‍िए ये दर्द और भी कष्‍टदायक हो सकता है। कंधे या गर्दन ज्‍यादा देर आगे की ओर झुके होने के कारण मांसपेश‍ियों में ख‍िंचाव और जकड़न महसूस होती है। दवाएं केवल आपके दर्द को कम कर सकती हैं। लेक‍िन समस्‍या बनी रहेगी। सर्वाइकल दर्द से बचने का सही तरीका है आप हर द‍िन योग करें। योग की मदद से सर्वाइकल पेन से काफी हद तक बचा जा सकता है। अगर आप भी सर्वाइकल पेन से जूझ रहे हैं, तो योगासन आपके दर्द कम करने के साथ मांसपेश‍ियों को स्‍वस्‍थ्‍य रखने में मदद करेंगे।  


स्‍ट्रेच‍िंग से दूर करें सर्वाइकल पेन-


1. नेक स्ट्रेच-

सबसे पहले अपने शरीर को सीधा करके बैठ जाएं। अब अपनी ठुड्डी को आगे की तरफ ले जाएं। ऐसा तबतक करें, जबतक कि आपकी गर्दन में खिंचाव महसूस ना होने लगे। इस स्थिति में 5 सेकेंड तक रहें और फिर अपने सिर को सामान्य स्थिति में ले जाएं। इसके बाद सिर को पीछे की तरफ ले जाते हुए ठुड्डी को ऊपर उठाएं और 5 सेकेंड तक रहें। ऐसा 5 बार करें। 


2. नेक टिल्ट-

सीधी कमर करके बैठ जाएं और ठुड्डी को नीचे की तरफ लाएं। अपनी ठुड्डी से सीने को छूने की कोशिश करें। इस स्थिति में 5 सेकेंड तक रहें और फिर वापस सामान्य स्थिति में पहुंच जाएं। ऐसा कम से कम 5 बार करें। 


3. साइड टू साइड नेक टिल्ट-

अपनी गर्दन को सीधा बैठकर एक तरफ झुकाएं। जब आपका कान कंधे को छूने लगे, तो रुक जाएं। लगभग 5 सेकेंड इस स्थिति में रहने के बाद सामान्य पोजीशन में आ जाएं। अब सिर को सामान्य पोजीशन में लेजाकर दूसरे कंधे की तरफ गर्दन झुकाएं और 5 सेकेंड तक उस स्थिति में रहें। ऐसा 5 बार करें।


4. नेक टर्न-

कमर सीधी करके बैठ जाएं और गर्दन को एक तरफ घुमाएं। गर्दन को जितना हो सके, उतना घुमाएं और करीब 5 सेकेंड तक इस स्थिति में रहें। अब गर्दन को सामान्य स्थिति में लाएं और फिर दूसरी तरफ घुमाएं। ऐसा 5 बार करें।


सर्वाइकल के दर्द से राहत पाने के लिए योगाभ्यासों का वर्णन किया गया है। इसमे मुख्यतः  कुछ आसनों का विस्तृत वर्णन नीचे किया गया है।


1. भुजंगासन-

भुजंगासन को कोबरा पोज के नाम से भी जाना जाता है। कोबरा पोज को करने के ल‍िए पेट के बल लेट जाएं। फ‍िर दोनों हाथों को सीने के पास लेकर जाएं। कोहन‍ियों को पसल‍ियों के पास ही रखें।सीने को ऊपर की ओर उठाएं और गहरी सांस लें। कंधों को स‍िर के पीछे की तरफ लेकर जाएं। सांस छोड़ें और सीने को नीचे की तरफ लेकर जाएं। इस प्रक्र‍िया को 3 से 4 बार दोहराएं। भुजंगासन को करने से बॉडी और द‍िमाग को शांत‍ि म‍िलती है। सर्वाइकल पेन दूर करने के साथ शरीर में लचीलापन बढ़ाने के ल‍िए ये योग फायदेमंद है।


2. बालासन-

बालासन करने के ल‍िए वज्रासन की मुद्रा में बैठ जाएं। वज्रासन का मतलब है दोनों पैरों को पीछे की ओर करके बैठना। अब हाथों को स‍िर की सीध में ऊपर की ओर लेकर जाएं। दोनों हाथों को म‍िलाना नहीं है। सांस छोडे़ें और आगे की ओर हथेल‍ियों को जमीन की तरफ लेकर जाएं। सि‍र को जमीन पर रखें और इस मुद्रा को दोहराएं। बालासन को करने से सर्वाइकल पेन से तो राहत म‍िलती ही है, साथ ही कमर की स्‍ट्रेच‍िंग हो जाती है।

  

3. ताड़ासन-

सर्वाइकल पेन दूर करने के ल‍िए ताड़ासन फायदेमंद माना जाता है। 

इसे करने का तरीका भी आसान है। आपको सबसे पहले सीधे खड़े हो जाना है। फ‍िर एड़‍ियों को एक-दूसरे के साथ म‍िला लें। दोनों हाथों को बगल की सीध में रखें। दोनों हथेल‍ियों को म‍िलाकर ऊपर की ओर उठाएं। सांस लें, और पंजों के बल ऊपर उठें। इस पोजीशन में कुछ देर रहें, फ‍िर सामान्‍य अवस्‍था में आ जाएं। ताड़ासन करने से मांसपेश‍ियों में ख‍िंचाव होगा और सर्वाइकल पेन ठीक हो जाएगा।


4. मत्स्यासन- 

जमीन पर सीधे लेट जाएं।अपने हाथों को अपने हिप्स के नीचे रखें लेकिन, अपनी हथेलियों को जमीन में ऊपर रखें। सांस लेते हुए अपने सिर और छाती को जमीन से ऊपर उठाएं, छाती को ऊपर की ओर खींचते हुए, धीरे-धीरे अपने सिर को पीछे  तब तक झुकाएं जब तक कि वह धीरे-धीरे फर्श को न छू लें। अपनी कोहनी को फर्श पर रखें और अपने पूरे शरीर का वजन अपनी कोहनी पर डालें। ध्यान रहे कि आपका वजन आपके सिर पर नहीं आना चाहिए। वजन पूरा कोहनियों पर आना चाहिए। 


5. मकरासन-

मकरासन करने के लिए सबसे पहले पेट के बल लेट जाएं। अपनी कोहनियों को जमीन पर रख दें और हाथों को चिन पर रख दें। साथ ही, सिर और कंधों को ऊपर की और उठा लें। आपके पैरों के बीच उचित दूरी होनी चाहिए। अपने शरीर को पूरी तरह से ढीला छोड़ दें। अपने ध्यान को केंद्रित करें और सांस लेते रहें। थोड़ी देर बाद आंखें खोलें और फिर से इस आसन को दोहराएं। 


6. धनुरासन-

धनुरासन को करने के लिए पेट बेल जमीन पर लेट जाएं पैरों के बीच कम दूरी रखें और दोनों हाथों को शरीर के दोनों तरफ सीधा रखें। अब अपने घुटनों को मोड़ें और कमर के पास लाएं, इसके साथ ही एड़ियों को अपने हाथों से पकड़ें। सांस लेते हुए छाती को जमीन से ऊपर उठाएं और एड़ियों को खींचने की कोशिश करें। एड़ियों को खींचते हुए सिर को सीधा रखें। इसी तरह से सांस लें और छोड़ें। इस तरह से आपका शरीर एक धनुष के आकार का होगा। ध्यान रहे इस आसन को करते समय अपने शरीर को अधिक न कसें।  कुछ देर बाद सांस खींचते हुए अपने पैर और छाती को फिर से सामान्य स्थिति में वापस लाएं।


सावधानियां-

सर्वाइकल के दर्द को दूर करने के लिए योगाभ्यास डॉ एवं कुशल योग प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में होना चाहिए। योगाभ्यास के साथ साथ खान पान एवं दिनचर्या का विशेष ध्यान रखें। डॉ की सलाह लेकर ही योगाभ्यास शुरू करे।

Comments